नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली स्थित आनंदधाम आश्रम में 29 से 31 मार्च 2026 तक आयोजित अस्मिता योगासन वूमेन लीग (नेशनल) 2025-26 का सफल समापन हुआ। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता भारत सरकार की खेलो इंडिया पहल तथा योगासन भारत के सहयोग से आयोजित की गई, जिसमें देशभर की महिला योगासन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में देश के लगभग 20 राज्यों की टीमों ने भाग लिया, जहां प्रतिभागियों ने अपनी लचीलापन, संतुलन और कलात्मक योग कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान आर्टिस्टिक ग्रुप (सीनियर) कैटेगरी में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
उत्तराखंड की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 94.46 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। टीम के इस शानदार प्रदर्शन ने न केवल राज्य का नाम रोशन किया, बल्कि महिला योगासन खिलाड़ियों की प्रतिभा को भी राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दी।
इस उपलब्धि के साथ उत्तराखंड की महिला खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया कि राज्य में योग की परंपरा और प्रतिभा दोनों ही मजबूत हैं। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन पर खेल प्रेमियों और प्रदेशवासियों में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता का आयोजन अनुशासन, ऊर्जा और खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण रहा, जहां देशभर की प्रतिभाओं को एक मंच पर अपनी कला दिखाने का अवसर मिला।












