Home / Uttarakhand / आशारोड़ी-झाझरा हाईवे निर्माण पर ग्रामीणों का हंगामा, निकासी व जलभराव को लेकर काम रुकवाया

आशारोड़ी-झाझरा हाईवे निर्माण पर ग्रामीणों का हंगामा, निकासी व जलभराव को लेकर काम रुकवाया

देहरादून। राजधानी देहरादून के आशारोड़ी-झाझरा नेशनल हाईवे निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सोमवार को झाझरा क्षेत्र में ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए काम को रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे निर्माण के दौरान जगह-जगह जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है, बल्कि पानी का रुख आबादी की ओर मोड़ा जा रहा है। इससे आने वाले समय में क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने का खतरा बढ़ गया है, जिससे लोगों की जान-माल को गंभीर नुकसान हो सकता है। प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद पार्षद सुमन बुटोला और पूर्व पार्षद सुखबीर बुटोला ने भी ग्रामीणों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी द्वारा जल निकासी के नाम पर बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। जंगलों से तेज गति से आने वाले पानी को आबादी की ओर मोड़ना बेहद खतरनाक है।
उन्होंने यह भी बताया कि चंद्रबनी पटियोवाला से घराट तक एप्रोच रोड का निर्माण अभी तक नहीं किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि पानी की निकासी पास बह रही आसन नदी की ओर की जाए, जिससे आबादी को नुकसान न पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कल से निर्माण स्थल पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा और कार्य पूरी तरह से ठप कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *