Home / Uttarakhand / चारधाम यात्रा 2026 के लिए मास्टर प्लान तैयार: 137 सेक्टर, हाईटेक निगरानी और हर 10 KM पर पुलिस तैनात

चारधाम यात्रा 2026 के लिए मास्टर प्लान तैयार: 137 सेक्टर, हाईटेक निगरानी और हर 10 KM पर पुलिस तैनात

देहरादून से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां आगामी चारधाम यात्रा 2026 को लेकर गढ़वाल रेंज पुलिस ने व्यापक और हाईटेक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यात्रा और ट्रैफिक व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत बनाने पर है।
गढ़वाल रेंज के IG राजीव स्वरूप के अनुसार, शीतकालीन यात्रा के अनुभवों के साथ-साथ ग्रीष्मकालीन यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष रणनीति तैयार की गई है। इसके तहत टिहरी, पौड़ी, चमोली और उत्तरकाशी से गुजरने वाले पूरे यात्रा मार्ग को 137 सेक्टर, 42 जोन और 15 सुपर जोन में विभाजित किया गया है।
सुपर जोन की जिम्मेदारी गजेटेड अधिकारियों को सौंपी गई है, जो ट्रैफिक मैनेजमेंट, भीड़ नियंत्रण और आपदा की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने के लिए जिम्मेदार होंगे। यात्रा मार्ग के हर 10 किलोमीटर पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिन्हें मोटरसाइकिल, वायरलेस सेट और फर्स्ट एड किट से लैस किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके। पिछले वर्षों में आई आपदाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार 57 संवेदनशील प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं। इन स्थानों पर SDRF, पुलिस, PWD और BRO की टीमें मशीनरी के साथ तैनात रहेंगी, जिससे किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके। इसके अलावा, यात्रा शुरू होने से 10 दिन पहले ही PAC और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन ने 31 मार्च तक सभी सड़क सुधार और साइनेज से जुड़े कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य रखा है, ताकि कपाट खुलने से पहले यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके। चारधाम यात्रा को लेकर इस बार की तैयारी यह संकेत देती है कि सरकार और प्रशासन किसी भी तरह की चूक नहीं चाहते और श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सहज और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *