Home / Uttarakhand / टिहरी में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आगाज़, CM धामी ने किया शुभारंभ

टिहरी में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आगाज़, CM धामी ने किया शुभारंभ

देहरादून/टिहरी गढ़वाल, 8 अप्रैल 2026:
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का वर्चुअल उद्घाटन किया।


मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से पहुंचे पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है।
उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं और राज्य को एडवेंचर स्पोर्ट्स व पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाते हैं।
इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतिभागी कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी विभिन्न जल क्रीड़ाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। खेल न केवल फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वाटर स्पोर्ट्स आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में बेहद उपयोगी साबित होते हैं। इन खेलों में दक्षता कई बार जीवन रक्षक सिद्ध होती है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है और युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा किया है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है और अब राज्य ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में भी काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन राज्य के विकास, पर्यटन संवर्धन और खेल प्रतिभाओं के उन्नयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी मनु महाराज, आईजी दिनेश उनियाल, आईजी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *