देहरादून, 09 मार्च 2026:
जिलाधिकारी Savin Bansal की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 170 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, असहाय और जरूरतमंद लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता तक अवश्य पहुंचाई जाए।
जनता दर्शन में बंजारावाला निवासी कल्पना ने अपनी बेटी विदुषी की समस्या रखते हुए बताया कि आर्थिक तंगी के कारण स्कूल फीस जमा न होने से विद्यालय प्रबंधन उसे परीक्षा में बैठने से रोक रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर छात्रा को परीक्षा में शामिल कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा योजना के तहत उसकी फीस जमा कराने की कार्यवाही भी सुनिश्चित करने को कहा।
जवाहर कॉलोनी बल्लूपुर निवासी शमशाद, जिनका वर्ष 2023 में दुर्घटना में पैर क्षतिग्रस्त हो गया था, ने आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने उन्हें रायफल फंड से आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
तहसील चकराता के ग्राम कांडोई निवासी अनिल कुमार ने वर्ष 2017 में पीएमजीएसवाई द्वारा सड़क निर्माण के दौरान खेतों और नहर को हुए नुकसान की शिकायत की। जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए 12 मार्च तक समस्या के निस्तारण की लिखित समयसीमा तय करवाई।
खुड़बुड़ा निवासी सरिता गोयल ने आर्थिक तंगी और दिव्यांग पुत्र के उपचार में आ रही कठिनाइयों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने मौके पर ही रायफल फंड से आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा उनके 12 वर्षीय दिव्यांग पुत्र को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत प्रतिमाह ₹4000 सहायता देने के निर्देश दिए।
इसके अलावा गढ़ीकैंट क्षेत्र के एक बुजुर्ग ने अपने बेटे की बढ़ती गुंडागर्दी से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मामले में गुंडा एक्ट के तहत वाद दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं धर्मपुर क्षेत्र के एक बुजुर्ग दंपति द्वारा पुत्रवधु से प्रताड़ना की शिकायत पर भरण-पोषण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया। राजीव नगर निवासी विधवा अरुणा ने बताया कि उनके ऊपर ₹34,395 का पेयजल बिल बकाया है, जिसका भुगतान करने में वे असमर्थ हैं। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को बिल का सटलमेंट करने और भुगतान जिला प्रशासन के रायफल फंड से करने की स्वीकृति दी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हर जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी Abhinav Shah, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












