देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पर अब यात्रियों को हाईटेक और तेज़ सुविधा मिलने लगी है। आज से यहां DigiYatra सेवा की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है, जिससे हवाई यात्रा और भी आसान व डिजिटल हो गई है। इस सेवा का वर्चुअल शुभारंभ केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री राममोहन नायडू ने किया। इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि DigiYatra के जरिए यात्रियों को अब एयरपोर्ट पर लंबी कतारों से राहत मिलेगी। DigiYatra एक फेस रिकग्निशन आधारित प्रणाली है, जिसमें यात्री अपने चेहरे के माध्यम से ही एंट्री और बोर्डिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इसके लिए यात्रियों को पहले DigiYatra ऐप पर रजिस्ट्रेशन करना होगा, जिसमें आधार और फ्लाइट टिकट की जानकारी अपलोड करनी होती है। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, इस सुविधा से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी। यात्रियों को अब बार-बार दस्तावेज दिखाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और पूरा प्रोसेस कॉन्टैक्टलेस तरीके से होगा। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे DigiYatra ऐप का उपयोग करें और इस नई सुविधा का लाभ उठाएं, जिससे यात्रा और अधिक सुगम और तेज़ बन सके












