देहरादून:
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 4 अप्रैल से 12 अप्रैल तक परेड ग्राउंड में भव्य दून पुस्तक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जो पुस्तकों, विचारों और संस्कृति का एक अनूठा संगम साबित होगा। 9 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर के पाठकों, लेखकों, कलाकारों और विचारकों को एक साझा मंच मिलेगा। यहां गढ़वाली, कुमाऊनी समेत विभिन्न भाषाओं की लाखों पुस्तकें प्रदर्शनी में उपलब्ध रहेंगी, जिससे साहित्य प्रेमियों को विविधता का अनोखा अनुभव मिलेगा। इस महोत्सव की खास बात यह है कि आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है, जिससे हर वर्ग के लोग इस ज्ञान के उत्सव का हिस्सा बन सकेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ 4 अप्रैल की सुबह प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इस दौरान देश के जाने-माने लेखक, फिल्मकार और विचारक विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे।
महोत्सव को लेकर युवराज मलिक ने बताया कि यह आयोजन न केवल पुस्तकों के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाएगा, बल्कि नई पीढ़ी को साहित्य और ज्ञान से जोड़ने का भी कार्य करेगा। देहरादून में आयोजित होने जा रहा यह पुस्तक महोत्सव न केवल साहित्य प्रेमियों के लिए खास होगा, बल्कि यह सांस्कृतिक संवाद और बौद्धिक आदान-प्रदान का भी एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।












