देहरादून | राजेश पुरी
राजधानी देहरादून में लगातार सामने आ रही घटनाओं को लेकर अब विपक्ष ने सरकार और प्रशासन पर तीखे सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि देहरादून के राजपुर रोड क्षेत्र में पहले से ही बार और पब संचालित होते रहे हैं, लेकिन हाल के समय में जिस तरह की अप्रिय घटनाएं सामने आ रही हैं, वह पुलिस की सख्ती की कमी और प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती हैं।
हरक सिंह रावत ने आगे कहा कि जब देहरादून-पांवटा साहिब हाईवे पर सफर किया जाता है, तो रास्ते में खेतों के किनारे कई गाड़ियां खड़ी दिखाई देती हैं। इनमें से अधिकांश वाहन हरियाणा और दिल्ली नंबर के होते हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि क्षेत्र में बड़े स्तर पर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति केवल देहरादून तक सीमित नहीं है, बल्कि हरिद्वार जैसे क्षेत्रों में भी इसी तरह की गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। रावत ने कहा कि प्रदेश में भू-माफिया और अवैध खनन से जुड़े लोग सक्रिय हो चुके हैं, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि इन मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए और कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि प्रदेश में बढ़ती अव्यवस्थाओं पर लगाम लग सके।












