देहरादून:
देहरादून नगर निगम ने इस वित्तीय वर्ष में टैक्स कलेक्शन के मामले में नया रिकॉर्ड कायम किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार निगम ने करीब 40 प्रतिशत अधिक टैक्स वसूली कर 72.34 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंकड़ा पार कर लिया है। नगर निगम की इस उपलब्धि को प्रशासनिक दक्षता और बेहतर रणनीति का परिणाम माना जा रहा है। मुख्य नगर अधिकारी नमामि बंसल ने बताया कि टैक्स कलेक्शन में इस बड़ी बढ़ोतरी के पीछे लगातार मॉनिटरिंग, डिजिटल ट्रैकिंग और नागरिकों के बीच चलाए गए जागरूकता अभियान की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा टैक्स वसूली प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सरल बनाने के लिए कई नीतिगत फैसले प्रस्तावित हैं। इन प्रस्तावों पर आगामी बोर्ड बैठक में चर्चा कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। साथ ही कुछ मामलों में न्यायालय द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप भी आवश्यक बदलाव किए जाएंगे। निगम प्रशासन का कहना है कि आने वाले समय में टैक्स सिस्टम को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाने पर जोर रहेगा, जिससे लोगों को आसानी से टैक्स जमा करने की सुविधा मिल सके और राजस्व में भी लगातार वृद्धि हो। देहरादून नगर निगम की इस उपलब्धि को शहर के विकास के लिए अहम माना जा रहा है। बढ़े हुए राजस्व से शहर में आधारभूत सुविधाओं, सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है।












