देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में भी कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राजधानी देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और पूरे जोश के साथ पार्टी का स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने पार्टी का ध्वज फहराया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी के गौरवशाली इतिहास और विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारों की एक मजबूत धारा है। महेंद्र भट्ट ने कहा कि संघर्षों के लंबे दौर के बाद आज बीजेपी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि एक समय ऐसा भी था जब संसद में पार्टी के मात्र दो सांसद हुआ करते थे, लेकिन आज बीजेपी के पास सबसे अधिक सांसद हैं, जो कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने बड़ा दावा किया। भट्ट ने कहा कि जब अगला स्थापना दिवस मनाया जाएगा, तब तक उत्तराखंड में चुनाव संपन्न हो चुके होंगे और भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाएं। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे परिसर में भाजपा के झंडे और नारों के साथ माहौल उत्सवमय बना रहा।












