Home / Uttarakhand / देहरादून में सनसनीखेज खुलासा: पहले पति ने ही की पत्नी की हत्या, जंगल में बोरे में मिला था शव

देहरादून में सनसनीखेज खुलासा: पहले पति ने ही की पत्नी की हत्या, जंगल में बोरे में मिला था शव

देहरादून | क्राइम
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां पुलिस ने अज्ञात महिला के शव की गुत्थी सुलझाते हुए उसके ही पहले पति को कातिल के रूप में गिरफ्तार किया है।
मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है, जहां मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में कुछ दिन पहले एक महिला का शव बोरे में बंद मिला था। शव करीब 4 से 5 दिन पुराना था और चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था।
देहरादून पुलिस ने इस चुनौतीपूर्ण मामले में हार नहीं मानी। एसएसपी दून के नेतृत्व में पुलिस ने खुद वादी बनकर जांच शुरू की और मृतका की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद महिला की पहचान रूपा के रूप में हुई, जो मजदूरी का काम करती थी।
जांच में सामने आया कि रूपा ने करीब चार साल पहले अपने पहले पति रंजीत को छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। वहीं आरोपी रंजीत ने भी दूसरी शादी कर ली थी। लेकिन करीब एक साल पहले रूपा दोबारा रंजीत के संपर्क में आ गई थी।
बताया जा रहा है कि एक महीने पहले रूपा अपनी 11 महीने की बच्ची के साथ देहरादून पहुंची और रंजीत पर दबाव बनाने लगी कि वह अपनी दूसरी पत्नी को छोड़कर उसके साथ रहे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा।
पुलिस के अनुसार, इसी तनाव और दबाव से तंग आकर आरोपी ने खौफनाक साजिश रची और अपनी पहली पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को बोरे में भरकर मांडूवाला के जंगल में फेंक दिया, ताकि पहचान न हो सके।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *