देहरादून।
उत्तराखंड की राजनीति में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने 23 मार्च को अपने कार्यकाल के चार वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर प्रदेश भर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर इसे एक उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि धामी सरकार ने इन चार वर्षों में राज्य के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन, होमस्टे योजना और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिससे प्रदेश को नई दिशा मिली है। सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में निवेश को बढ़ावा देना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना, पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना शामिल है। होमस्टे योजना के माध्यम से पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि हुई है, वहीं महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई योजनाएं लागू की गई हैं।
भाजपा नेताओं का यह भी कहना है कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में लिए गए कड़े और निर्णायक फैसलों ने प्रदेश में सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत किया है। यही वजह है कि जनता का विश्वास सरकार पर लगातार बढ़ रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि धामी सरकार के इन चार वर्षों का कार्यकाल आगामी चुनावों में भी भाजपा के लिए मजबूती का आधार बनेगा। पार्टी को उम्मीद है कि जनता के आशीर्वाद से वह एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी और विकास की इस गति को और तेज करेगी।












