देहरादून | मसूरी विधानसभा
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 51, दून विहार जाखन में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक समिट में भारत की एआई क्षमताओं की सराहना करते हुए कहा कि तीन ‘मेड इन इंडिया’ एआई मॉडल लॉन्च कर देश ने आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। उन्होंने टी-20 विश्व कप में भारतीय मूल के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय प्रतिभा आज विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रही है। प्रधानमंत्री ने किसानों की प्रगतिशील सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि अब किसान केवल उत्पादन ही नहीं, बल्कि गुणवत्ता, वैल्यू एडिशन और नए बाजारों पर भी ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत 15 करोड़ टन से अधिक उत्पादन के साथ विश्व का सबसे बड़ा चावल उत्पादक देश बन चुका है। साथ ही उन्होंने ‘स्वदेशी अपनाइए’ अभियान को और मजबूत करने का आह्वान किया।
मंत्री जोशी ने बताया प्रेरणादायक मंच.

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को सकारात्मक सोच, नवाचार और राष्ट्रनिर्माण के प्रति निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के कोने-कोने में हो रहे रचनात्मक कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी की प्रेरक कहानियों को सामने लाकर समाज में नई ऊर्जा का संचार करता है।
मंत्री जोशी ने कहा कि प्रत्येक एपिसोड में युवाओं, किसानों, महिलाओं और स्टार्टअप से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी जाती है, जिससे आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिल रही है। उन्होंने इसे केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिकों को जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने वाला सशक्त मंच बताया। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे नियमित रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनें और उससे प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर बूथ अध्यक्ष निशा शर्मा, पार्षद मीनाक्षी नौटियाल, विजय शर्मा, बीजेपी नेता सुरेन्द्र राणा, मंजीत रावत, संजय नौटियाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










