देहरादून:
केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण कानून को लेकर उठाए जा रहे कदमों के बीच देशभर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़ी महिला नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। उत्तराखंड में भी इसको लेकर सियासी माहौल गर्म है। इसी क्रम में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा रुचि भट्ट ने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार की पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से महिला सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देती रही है।
रुचि भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जो कहते हैं, उसे पूरा करके भी दिखाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला आरक्षण से जुड़ा यह निर्णय देश के लिए ऐतिहासिक साबित होगा और इससे महिलाओं को राजनीति में और अधिक भागीदारी का अवसर मिलेगा। उन्होंने आगे कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री मोदी की माताओं और बहनों के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान को दर्शाता है। देश की मातृशक्ति इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त कर रही है।
रुचि भट्ट ने कहा कि महिला आरक्षण लागू होने से न केवल महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी, बल्कि नीति निर्माण में भी उनकी भूमिका मजबूत होगी, जिससे समाज के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।












