देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी की प्रभारी कुमारी शैलजा 8 से 12 अप्रैल तक उत्तराखंड के पांच दिवसीय दौरे पर रहेंगी। इस दौरे का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना है। कुमारी शैलजा अपने दौरे की शुरुआत रुद्रपुर से करेंगी, जिसके बाद वह हल्द्वानी, कोटद्वार, हरिद्वार और देहरादून का दौरा करेंगी। दौरे का समापन मसूरी में प्रस्तावित कार्यक्रम के साथ होगा।
इस दौरान वह विभिन्न जिलों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति का फीडबैक लेंगी और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगी।
गणेश गोदियाल ने कहा कि यह दौरा उधम सिंह नगर से लेकर देहरादून तक रहेगा, जहां प्रभारी सीधे कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव जानेंगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस इस दौरे के जरिए संगठन के भीतर मौजूद गुटबाजी को खत्म कर एकजुटता का संदेश देना चाहती है। साथ ही, पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरकर मिशन 2027 की तैयारियों को धार देने की कोशिश की जा रही है।












