देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र से जुड़े सुनील रतूड़ी की मौत के मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर बड़ा खुलासा किया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण “हैंगिंग” यानी फांसी लगाना बताया गया है। पुलिस के अनुसार, दिनांक 28 मार्च 2026 को हुई इस घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम विशेषज्ञों की टीम से कराया गया। हालांकि परिजनों द्वारा उठाई गई आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए मृतक का बिसरा सुरक्षित रख लिया है। बिसरा को अब फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा, जिससे मौत के कारणों की और अधिक स्पष्टता सामने आ सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की जा रही है और हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है। इस पूरे मामले की न्यायिक जांच (ज्यूडिशियल इंक्वायरी) मजिस्ट्रेट द्वारा कराई जाएगी, जिससे सच्चाई सामने लाई जा सके और किसी भी प्रकार की शंका को दूर किया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।












