Home / Uttarakhand / रुद्रप्रयाग में ‘गोल्ड–सिल्वर गेम’ का शक, मिलावटी आभूषणों से ग्राहकों की कमाई पर खतरा

रुद्रप्रयाग में ‘गोल्ड–सिल्वर गेम’ का शक, मिलावटी आभूषणों से ग्राहकों की कमाई पर खतरा

रुद्रप्रयाग।
रुद्रप्रयाग जिले के सराफा बाजार में इन दिनों सोने और चांदी की शुद्धता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और ग्राहकों का आरोप है कि कुछ कारोबारी असली सोना–चांदी बताकर मिलावटी धातु के आभूषण ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं, जिससे आम लोगों की मेहनत की कमाई और भरोसे के साथ तिलवाड़ा किया जा रहा है। चर्चा है कि सस्ती धातु या पीतल पर सोने की परत चढ़ाकर उसे शुद्ध सोना बताकर बेचा जा रहा है। वहीं चांदी में भी सस्ती धातुएं मिलाकर गुणवत्ता कम की जा रही है, जबकि कीमत पूरी वसूली जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में कई आभूषण समय के साथ काले पड़ रहे हैं, वहीं कुछ मामलों में एलर्जी जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं। वजन तो पूरा दिया जा रहा है, लेकिन शुद्धता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार असली चांदी पर 925 अंकित होता है, जिसका अर्थ है 92.5 प्रतिशत शुद्ध चांदी। वहीं सोने के आभूषण 18, 20 या 22 कैरेट हॉलमार्क के साथ आते हैं। भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा प्रमाणित हॉलमार्क को आभूषण की शुद्धता की सरकारी गारंटी माना जाता है। बिना हॉलमार्क के आभूषण खरीदना उपभोक्ताओं के लिए जोखिम भरा हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार कुछ मामलों में तांबे या अन्य सस्ती धातु पर सोने की पतली परत चढ़ाकर उसे असली सोना बताकर बेचा जाता है। बाहर से चमकदार दिखने वाला आभूषण भीतर से कम मूल्य का निकल सकता है, जो सीधी-सीधी धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है। ग्राहकों ने प्रशासन और संबंधित निगरानी विभागों से मांग की है कि सराफा दुकानों की नियमित जांच, सैंपल टेस्टिंग और सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर जांच अभियान चलें, तो मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि उपभोक्ता केवल हॉलमार्क युक्त आभूषण ही खरीदें, पक्का बिल और शुद्धता प्रमाणपत्र लें तथा अत्यधिक सस्ती कीमतों के लालच से बचें।
सोना और चांदी केवल आभूषण नहीं, बल्कि लोगों की बचत, भरोसे और भविष्य की सुरक्षा का प्रतीक हैं। यदि मिलावट के आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामाजिक विश्वास पर भी गहरी चोट माना जाएगा। अब देखना यह है कि प्रशासन इस कथित ‘गोल्ड–सिल्वर गेम’ पर कब और कितनी सख्ती दिखाता है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *