देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री आवास में होली मिलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग के लोग शामिल हुए। रंगों और उल्लास से भरे इस आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पहुंचे लोगों और समस्त प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी सौहार्द, भाईचारे और समृद्धि का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कामना की कि सभी देशवासियों के जीवन में उत्सव के रंग खुशहाली के रंग और समृद्धि के रंग घुलें। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि यह राज्य अपनी परंपराओं और संस्कारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा केदार के प्रांगण से यह संदेश दिया गया है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी को एकजुट होकर आपसी सौहार्द के साथ इस लक्ष्य को पूरा करना है और राज्य को विकास व संस्कृति के पथ पर आगे ले जाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की सहभागिता रही।












