Home / Uttarakhand / सैन्य धाम पर सियासत तेज: कांग्रेस ने लगाए कमीशनखोरी के आरोप, भाजपा ने बताया बेबुनियाद

सैन्य धाम पर सियासत तेज: कांग्रेस ने लगाए कमीशनखोरी के आरोप, भाजपा ने बताया बेबुनियाद

देहरादून। उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘सैन्य धाम’ को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस प्रोजेक्ट पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे कमीशनखोरी का अड्डा बताया है, जबकि भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार करार दिया है। बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया, जिसके बाद कांग्रेस ने सैन्य धाम को लेकर भाजपा पर हमला तेज कर दिया। कांग्रेस का कहना है कि मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट्स में शामिल सैन्य धाम में लागत लगातार बढ़ाई जा रही है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा दसोनी ने आरोप लगाया कि प्रोजेक्ट में अनियमितताएं हो रही हैं और यही कारण है कि प्रधानमंत्री इसके उद्घाटन से बचते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने कई परियोजनाओं का जिक्र किया, लेकिन सैन्य धाम का उल्लेख नहीं किया, जो कई सवाल खड़े करता है।
वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी का कहना है कि सैन्य धाम का निर्माण कार्य अभी जारी है और प्रोजेक्ट पूरी तरह तय समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि उद्घाटन का सवाल तब उठेगा जब निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि वह बिना तथ्यों के आरोप लगाकर केवल सुर्खियों में बने रहने की कोशिश कर रही है। यदि कांग्रेस के पास किसी भी प्रकार की अनियमितता के प्रमाण हैं, तो उन्हें सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि सरकार उचित कार्रवाई कर सके।
अब देखना होगा कि आने वाले समय में सैन्य धाम को लेकर जारी यह राजनीतिक घमासान किस दिशा में जाता है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *