देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में एक नए राजनीतिक दल की एंट्री हुई है। रविवार को उत्तराखंड प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ‘सनातन जनता पार्टी’ के गठन की औपचारिक घोषणा की गई। पार्टी के संस्थापकों ने दावा किया कि संगठन का उद्देश्य जनकल्याण, पारदर्शी शासन, सामाजिक सद्भाव, प्रकृति संरक्षण और लोकतांत्रिक व्यवस्था में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 जून 2026 को उत्तराखंड प्रेस क्लब में पार्टी का शुभारंभ किया गया। पार्टी के
पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए एक वैकल्पिक राजनीतिक मंच तैयार करने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसके तहत इस नई पार्टी का गठन किया गया है।
पार्टी के संस्थापक सदस्यों ने मीडिया को बताया कि संगठन जल्द ही भारतीय चुनाव आयोग (ECI) में पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करेगा और आगामी चुनावों में भाग लेने की तैयारी करेगा। इसके साथ ही प्रदेशभर में सदस्यता अभियान चलाने तथा संगठन के विस्तार को लेकर भी जल्द विस्तृत कार्यक्रम घोषित किए जाएंगे।
पार्टी के नेताओं का कहना है कि उनका लक्ष्य जनता और शासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना तथा विकास के मुद्दों को केंद्र में रखकर राजनीति करना है। उन्होंने मीडिया, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए पार्टी की भावी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।








