देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान मौजूद रहे।
इस अवसर पर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और लाभार्थियों पर आधारित एक संक्षिप्त प्रदर्शनी भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार 12 वर्षों तक देश की सेवा कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति कमजोर थी, लेकिन आज भारत आत्मविश्वास के साथ विश्व का नेतृत्व करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति तुष्टिकरण पर आधारित रही है, जबकि भाजपा संतुष्टिकरण और सर्वांगीण विकास की नीति पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि 41 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ से अधिक लोगों को पक्के मकान मिले हैं तथा उज्ज्वला योजना के माध्यम से 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना से गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। जनधन योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान ने देश में व्यापक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
उत्तराखंड के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में वर्तमान में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं संचालित हो रही हैं। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम का पुनर्विकास तेजी से किया जा रहा है, जबकि वाइब्रेंट विलेज योजना और होमस्टे योजना के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों में रिवर्स पलायन को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में अब तक 35 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। माना गांव की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ‘लखपति दीदी’ बनने का गौरव हासिल किया है। वहीं, आदि कैलाश यात्रा में पिछले 50 दिनों के भीतर लगभग 40 हजार श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक की समाप्ति, धारा 370 हटाना, नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA), डिजिटल इंडिया, चंद्रयान मिशन तथा ऑपरेशन सिंदूर जैसे ऐतिहासिक कार्य संभव हो पाए हैं। उन्होंने इन उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।








