Home / Uttarakhand / SIR प्रक्रिया लोकतंत्र की मजबूती का आधार, हर नागरिक सुनिश्चित करे अपना एक वोट : भाजपा

SIR प्रक्रिया लोकतंत्र की मजबूती का आधार, हर नागरिक सुनिश्चित करे अपना एक वोट : भाजपा

देहरादून
प्रदेशभर में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) प्रक्रिया को भारतीय जनता पार्टी ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि यह प्रक्रिया किसी एक राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि सभी नागरिकों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए समान रूप से आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कई मामलों में एक व्यक्ति के नाम विभिन्न स्थानों पर वोट दर्ज पाए जाते हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह तय करे कि उसका वोट किस स्थान पर रहना चाहिए और वहीं आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करे। मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह प्रक्रिया बेहद अहम है।

दीप्ति रावत भारद्वाज ने बताया कि भाजपा संगठन बूथ स्तर पर विशेष अभियान चला रहा है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल एजेंट (BLA), बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ मिलकर मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं। उनका कहना है कि नए मतदाताओं को सूची में जोड़ने और डुप्लीकेट वोटों की पहचान कर उन्हें चिन्हित करने का कार्य लगातार जारी है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सभी राजनीतिक दल मतदाता सूची को अद्यतन और शुद्ध बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। नागरिकों को भी आगे आकर आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने चाहिए, ताकि उनका मतदान अधिकार सुरक्षित रह सके और चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बन सके। मतदाता सूची में नाम दर्ज होना प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार के साथ-साथ उसकी जिम्मेदारी भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *