पिथौरागढ़। उत्तराखंड सरकार के ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम (एमएसएमई), खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने सोमवार को जिला सभागार पिथौरागढ़ में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक कर विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), पशुपालन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा एमएसएमई सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके लिए सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।
मंत्री ने कहा कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक है और अधिकांश विभाग पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सीमांत परिस्थितियों के बावजूद प्रशासनिक अमला जनता की सेवा में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि एक-दो विभागों को छोड़कर किसी भी प्रकार की गंभीर शिकायत सामने नहीं आई है, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करती है।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार की नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर दिखाई दे रहा है और सरकार की जवाबदेही, पारदर्शिता एवं जनसंवेदनशीलता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रही है।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और समस्याओं से भी मंत्री को अवगत कराया। इस पर मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान पर बल दिया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक के उपरांत मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा प्रत्येक जिले में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा, पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








