Home / Uttarakhand / कर्णप्रयाग घटना पर सीएम धामी से मिला सिख प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच का मिला भरोसा

कर्णप्रयाग घटना पर सीएम धामी से मिला सिख प्रतिनिधिमंडल, निष्पक्ष जांच का मिला भरोसा

देहरादून। कर्णप्रयाग में 16 जून को हुई घटना और उसके बाद पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को लेकर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग रखी।

बैठक के बाद दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जिम्मेदारी डीआईजी यशवंत चौहान को सौंपने का आश्वासन दिया है। साथ ही 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

हरमीत सिंह कालका ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मामले की विवेचना को चमोली पुलिस से हटाकर हरिद्वार पुलिस को सौंप दिया गया है, ताकि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से प्रदेश में आने वाले सिख श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग भी की। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड में सभी धर्मों और समुदायों के लोगों का सम्मान सर्वोपरि है तथा प्रदेश में सौहार्द और शांति बनाए रखने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा सहित प्रदेश में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सभी पक्षों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील भी की।

गौरतलब है कि कर्णप्रयाग में 16 जून को हुई घटना के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और विभिन्न सिख संगठनों द्वारा निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *