Home / Uttarakhand / चारधाम यात्रा में नया कीर्तिमान, 39 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन: सतपाल महाराज

चारधाम यात्रा में नया कीर्तिमान, 39 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन: सतपाल महाराज

देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रही है। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि अब तक चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब में 39 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि 52 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है।

पर्यटन मंत्री द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, श्री केदारनाथ धाम में अब तक 13 लाख 4 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं श्री बद्रीनाथ धाम में 12 लाख 52 हजार, गंगोत्री धाम में 6 लाख 41 हजार और यमुनोत्री धाम में 6 लाख 3 हजार श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। इसके अलावा सिख श्रद्धालुओं के प्रमुख तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब में भी 1 लाख 27 हजार से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं।

सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से यात्रा सफलतापूर्वक संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सेवा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और यात्रा व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री ने यात्रियों से स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील करते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा धीरे-धीरे और चरणबद्ध तरीके से करें। बीच-बीच में पर्याप्त विश्राम लें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और पर्यटन का महत्वपूर्ण आधार है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है। सरकार का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुखद यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जाए।

गौरतलब है कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे यात्रा सीजन के दौरान नए रिकॉर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *