Home / Uttarakhand / भर्ती विज्ञप्ति जारी न होने पर देहरादून में युवाओं का उग्र प्रदर्शन, सचिवालय कूच के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की

भर्ती विज्ञप्ति जारी न होने पर देहरादून में युवाओं का उग्र प्रदर्शन, सचिवालय कूच के दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की

देहरादून में सरकारी नौकरियों में भर्ती विज्ञप्तियां जारी न किए जाने और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर एक बार फिर बेरोजगार युवाओं का गुस्सा सड़कों पर देखने को मिला। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले सैकड़ों युवा राजधानी की सड़कों पर उतरे और सचिवालय कूच करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान युवा “भर्ती दो, जवाब दो”, “पेपर लीक बंद करो”, “खाली पदों पर भर्ती करो” और “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारों के साथ आगे बढ़े। सचिवालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने कहा कि सरकार स्वयं स्वीकार कर चुकी है कि राज्य के विभिन्न विभागों में लगभग 60 हजार पद रिक्त हैं, लेकिन इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की जा रही। उनका आरोप है कि बार-बार भर्ती परीक्षाओं में देरी, पेपर लीक और नई विज्ञप्तियां जारी न होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी रिक्त पदों पर जल्द से जल्द भर्ती विज्ञप्तियां जारी की जाएं, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए तथा पेपर लीक मामलों में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को केवल देहरादून तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि पूरे उत्तराखंड में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। उनका कहना है कि प्रदेश का युवा लंबे समय से रोजगार की उम्मीद लगाए बैठा है और अब वह केवल आश्वासन नहीं बल्कि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की स्पष्ट कार्रवाई चाहता है।

बेरोजगार संघ का कहना है कि जब तक रिक्त पदों पर भर्ती विज्ञप्तियां जारी नहीं होतीं और युवाओं की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *