Home / Uttarakhand / गढ़वाल की लोकसभा सीटों पर बीजेपी का मंथन, सीएम धामी ने लिया संगठन का फीडबैक

गढ़वाल की लोकसभा सीटों पर बीजेपी का मंथन, सीएम धामी ने लिया संगठन का फीडबैक

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को देहरादून स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी लोकसभा सीटों को लेकर संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में टिहरी, उत्तरकाशी और देहरादून के जिला अध्यक्षों समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से लगातार संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले नगर पालिका, नगर पंचायत, जिला पंचायत, ब्लॉक प्रमुख, दायित्वधारी कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठकें की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी क्रम में कुमाऊं मंडल के प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में विधायकों और सांसदों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। अब गढ़वाल क्षेत्र की लोकसभा सीटों को लेकर समीक्षा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बैठक में क्षेत्रवार स्थिति की समीक्षा के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जाएगा। इसके आधार पर आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान में मानसून का दौर चल रहा है। ऐसे में भाजपा के कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि आपसी समन्वय के साथ जनता की सेवा में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान और आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बीजेपी नेतृत्व क्षेत्रवार फीडबैक के आधार पर संगठन की सक्रियता और जनप्रतिनिधियों के कामकाज की समीक्षा कर रहा है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *