देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर और हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर उत्तराखंड में सियासी टकराव तेज हो गया है। मंगलवार को कांग्रेस ने दोनों मुद्दों को लेकर देहरादून में सचिवालय कूच किया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से सचिवालय के लिए रवाना हुए। सुभाष रोड पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। गोदियाल और यशपाल आर्य समेत कई कांग्रेस नेता बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताते नजर आए।
राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को लेकर भाजपा पर निशाना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को भाजपा सरकार के इशारे पर की गई कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई के खिलाफ न्यायसंगत लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है और पार्टी हर मोर्चे पर भाजपा सरकार का मुकाबला करेगी।
कांग्रेस का आरोप है कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है और इसे वापस लिया जाना चाहिए। राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर को लेकर कांग्रेस पहले भी देहरादून में पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुकी है।
हल्द्वानी के ‘शुद्धिकरण’ मामले पर भी गरमाई सियासत
सचिवालय कूच के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
कांग्रेस का आरोप है कि 8 अगस्त को खड़गे की जनसभा के बाद भाजपा से जुड़े संगठनों की ओर से मैदान का ‘शुद्धिकरण’ किया गया, जिसे पार्टी ने खड़गे और अनुसूचित जाति समाज का अपमान बताया है। इसी मामले में कांग्रेस दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।
यशपाल आर्य ने कहा कि इस मामले से जुड़े पर्याप्त साक्ष्य कांग्रेस के पास हैं। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों का भी हवाला देते हुए सरकार और भाजपा पर सवाल खड़े किए।
बैरिकेडिंग पर चढ़े कांग्रेस नेता
सचिवालय कूच के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सचिवालय के मुख्य मार्ग पर रोकने के लिए बैरिकेडिंग की। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत कई नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। प्रदर्शन के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की तबीयत बिगड़ने की भी खबर सामने आई है।
कांग्रेस के सचिवालय कूच के साथ उत्तराखंड की राजनीति में राहुल गांधी पर एफआईआर और हल्द्वानी के ‘शुद्धिकरण’ विवाद ने नया सियासी मोड़ ले लिया है। कांग्रेस जहां सरकार से कार्रवाई और एफआईआर वापस लेने की मांग कर रही है, वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर राजनीतिक मुद्दा खड़ा करने का आरोप लगाया है।








