बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुआ विवाद, सोने के कड़े के लालच में 72 वर्षीय महिला की हत्या का आरोप
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतका की दुकान पर काम करने वाले युवक विनीत कुमार ने अंजाम दिया था। आरोपी ने बकाया मजदूरी के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद वृद्ध महिला पर हमला किया और बाद में सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को 72 वर्षीय रेखा बंसल अपने घर में अचेत अवस्था में मिली थीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां 108 की टीम ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून पद्मेंद्र डोबाल ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए और मामले में हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस की मदद ली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस का शक विनीत कुमार पर गया।
पुलिस के मुताबिक, बकाया पैसों को लेकर आरोपी का वृद्धा से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पहले कड़े से महिला के चेहरे पर वार किया और बाद में पकड़े जाने के डर से उनका मुंह दबा दिया। महिला की मौत के बाद आरोपी सोने का कड़ा लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने कपड़े भी बदल लिए थे।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद उसे रिंग रोड के पास स्थित त्रिलोक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के इस त्वरित खुलासे से वृद्धा हत्याकांड की गुत्थी महज 12 घंटे में सुलझ गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।








