देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने चारधाम समेत राज्य के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए स्थायी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से यात्रा मार्गों और प्रमुख पड़ावों पर कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि यात्रा के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे और पर्यावरण पर अनावश्यक दबाव न पड़े।
सरकार के मुताबिक, इस यात्रा सीजन में अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु चारधाम के दर्शन कर चुके हैं। इनमें बद्रीनाथ धाम में 18.10 लाख, केदारनाथ धाम में 15.57 लाख, गंगोत्री धाम में 8.41 लाख और यमुनोत्री धाम में 7.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक व्यवस्थित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की धार्मिक आस्था के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था और पर्यटन से भी जुड़ी महत्वपूर्ण यात्रा है। ऐसे में यात्रा मार्गों, धामों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जाना जरूरी है।








