Home / Uttarakhand / देहरादून में 1 अक्टूबर से शुरू होगा खनन सत्र, अवैध खनन पर सख्ती; CCTV से होगी निगरानी

देहरादून में 1 अक्टूबर से शुरू होगा खनन सत्र, अवैध खनन पर सख्ती; CCTV से होगी निगरानी

देहरादून। जनपद देहरादून में खनन सत्र 2026-27 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले खनन सत्र के मद्देनजर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला खनन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में खनन कार्यों को सुचारू, पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

जिलाधिकारी ने अवैध खनन, अवैध परिवहन और भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों में शासन और न्यायालय के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

आपदा संभावित क्षेत्रों का होगा चिह्नीकरण

बैठक में डीएम ने आबादी वाले और आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा। अधिकारियों को आपदा संभावित क्षेत्रों का चिह्नीकरण करने और वहां उपलब्ध उपखनिज की मात्रा का सही आकलन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नए चिन्हित लॉटों की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया। 

नदियों में रिवर ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन से जुड़े कार्यों को भी गति देने के निर्देश दिए गए, ताकि आबादी वाले क्षेत्रों में आपदा के संभावित प्रभाव को कम किया जा सके।

एंटी माइनिंग टास्क फोर्स और CCTV से निगरानी

अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तहसील स्तर पर गठित एंटी माइनिंग टास्क फोर्स को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही खनन क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखते हुए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। 

खनिज वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा पर जोर

बैठक में खनन कार्य में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की फिटनेस, वाहन चालकों की पहचान और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। खनिज वाहनों में रेडियम और फॉग लाइट अनिवार्य रूप से लगाने तथा स्टोन क्रशरों में धर्मकांटा की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा घोड़े-खच्चरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भी नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। 

स्टोन क्रशर संचालकों को 1,000 पौधे लगाने के निर्देश

प्रशासन ने खनन गतिविधियों के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। स्टोन क्रशर संचालकों को कम से कम 1,000 पौधे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही खनन क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण और बच्चों की शिक्षा से जुड़े प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। 

30 लॉट में चल रहा खनन कार्य

जिला खनन अधिकारी के अनुसार जनपद में विभिन्न श्रेणियों के कुल 69 लॉट निर्धारित किए गए हैं। इनमें से वर्तमान में 30 लॉटों पर खनन कार्य संचालित है। इन लॉटों के अंतर्गत कुल 659.81 हेक्टेयर खनन क्षेत्र निर्धारित है और अब तक 31.26 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। शेष लॉटों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई जारी है। 

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, पुलिस अधीक्षक स्वतंत्र सिंह, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा, जिला खनन अधिकारी ऐश्वर्य शाह, जीएमवीएन प्रबंधक कुसुम चौहान, सीओ विवेक सिंह, आरटीओ से रोशनी पंत सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। 

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *