उत्तराखंड में साहस, बहादुरी और उत्कृष्ट कार्यों से समाज के सामने मिसाल पेश करने वाले बच्चों को अब वीर बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राज्य सरकार ने वीर बाल पुरस्कार को कैबिनेट की मंजूरी दे दी है। इस फैसले पर महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कैबिनेट का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन बच्चों के लिए समर्पित है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी हिम्मत और साहस का परिचय देते हुए उल्लेखनीय कार्य करते हैं। इस पुरस्कार के माध्यम से न केवल साहसी बच्चों को सम्मानित किया जाएगा, बल्कि अन्य बच्चों को भी अच्छे कार्य करने और कठिन परिस्थितियों का मजबूती से सामना करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि वीर बाल पुरस्कार लड़के और लड़कियों, दोनों के लिए है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के साहस, बहादुरी और समाज के प्रति उनके योगदान को पहचान दिलाना है। ऐसे बच्चे, जो अपनी सूझबूझ, निडरता और उत्कृष्ट कार्यों से दूसरों के लिए प्रेरणा बनते हैं, उन्हें इस पुरस्कार के माध्यम से प्रोत्साहित किया जाएगा।
मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि पुरस्कार के लिए संबंधित विभाग की ओर से विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि भी समाप्त हो गई है। फिलहाल पुरस्कार वितरण को लेकर आगे की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही प्रदेश के वीर बालक-बालिकाओं को इस सम्मान से नवाजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय बच्चों के भीतर साहस, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कई बार बच्चे विपरीत परिस्थितियों में ऐसे साहसिक कार्य करते हैं, जो पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन जाते हैं। ऐसे बच्चों को सम्मानित करने से उनके मनोबल में वृद्धि होगी और दूसरे बच्चों को भी निस्वार्थ भाव से अच्छे कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।








