देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में अब पर्यटक सफेद बाघ ‘तेजस’ का दीदार कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ के लिए तैयार किए गए बाड़े का उद्घाटन कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। इसके साथ ही देहरादून चिड़ियाघर में एक नया आकर्षण जुड़ गया है।
करीब 2 वर्ष 4 माह का सफेद बाघ ‘तेजस’ मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलॉजिकल पार्क से देहरादून लाया गया है। उसे वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड लाया गया। तेजस ने ग्वालियर से देहरादून तक लगभग 556 किलोमीटर का सफर तय किया।
सफेद बाघ के आगमन से देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि तेजस के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है।
इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कॉलेज विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की। इसका उद्देश्य युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।








