देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने प्रदेश के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कई अहम फैसले लिए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, श्रम, आबकारी, खनन, आवास, वन, पेयजल और परिवहन समेत विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण फैसलों में सरकारी मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल की अनिवार्य सरकारी सेवा का बॉन्ड, वन आरक्षी भर्ती में अधिकतम आयु सीमा बढ़ाना, चीनी मिलों को बैंक गारंटी और हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन प्रणाली विकसित करने जैसे प्रस्ताव शामिल रहे।
मेडिकल पीजी छात्रों को दो साल की सरकारी सेवा देनी होगी
कैबिनेट ने चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेजों में पीजी करने वाले चिकित्सकों के लिए दो साल का अनिवार्य सेवा अनुबंध लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत पीजी पाठ्यक्रम पूरा करने वाले चिकित्सकों को निर्धारित अवधि तक सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी सेवाएं देनी होंगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, विशेषकर पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।
इसके साथ ही उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिक सेवा नियमावली में संशोधन को भी मंजूरी दी गई है।
वन आरक्षी भर्ती में युवाओं को राहत, आयु सीमा 28 वर्ष
युवाओं के लिहाज से कैबिनेट का एक महत्वपूर्ण फैसला वन विभाग से जुड़ा रहा। उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली में संशोधन करते हुए वन आरक्षी पदों के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक लागू रहेगी। इससे भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को अतिरिक्त अवसर मिल सकेगा।
चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी
प्रदेश की चीनी मिलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इससे चीनी मिलें बैंकों से ऋण प्राप्त कर सकेंगी और पेराई सत्र के दौरान अपनी वित्तीय जरूरतों को पूरा कर सकेंगी।
सामाजिक सुरक्षा कोष का होगा गठन
श्रम विभाग के अंतर्गत उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता के तहत सामाजिक सुरक्षा कोष के गठन को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा कर्मचारी राज्य बीमा योजना के फार्मा संवर्ग में भी संशोधन किया गया है। अब फार्मासिस्ट संवर्ग में डी-फार्मा के साथ बी-फार्मा डिग्रीधारकों को भी शामिल किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय पर मुख्यमंत्री लेंगे फैसला
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर निर्णय लेने के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। इससे प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मानदेय बढ़ने की उम्मीद जगी है।
वहीं आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1,700 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि को भी मंजूरी दी गई है।
आबकारी विभाग में 11 नए पदों का सृजन
आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए कैबिनेट ने 11 नए पदों के सृजन को स्वीकृति दी है। इसमें उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना और राजस्व संग्रहण की व्यवस्था को मजबूत करना है।
खनन शुल्क 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत
खनन विभाग से जुड़े फैसले में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के शुल्क की दर को 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत करने की मंजूरी दी गई है। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि खनन रॉयल्टी की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।
हरिद्वार में तीन कॉरिडोर के माध्यम से विकसित होगी PRT परियोजना
हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए PRT परियोजना के तहत तीन कॉरिडोर विकसित किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। प्रस्तावित परियोजना से शहर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के आवागमन को सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पहले कॉरिडोर में सीतापुर से भारत माता मंदिर तक का मार्ग प्रस्तावित है। इस परियोजना में कुल 21 स्टेशन बनाए जाने की जानकारी दी गई है।
ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.94 एकड़ भूमि पर बड़ा फैसला
ऋषिकेश के बापूग्राम स्थित आरक्षित वन क्षेत्र की 594.94 एकड़ भूमि को लेकर भी कैबिनेट में महत्वपूर्ण चर्चा हुई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और अन्य संबंधित बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए वन भूमि को डी-नोटिफाई करने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दी गई है।
अब राज्य सरकार इस संबंध में आगे की कार्रवाई करते हुए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगी। इस निर्णय से वन भूमि पर बसे आबादी क्षेत्रों से जुड़े मामलों में आगे की प्रक्रिया का रास्ता खुल सकता है।
भवन निर्माण और भू-उपयोग परिवर्तन में मिलेगी राहत
आवास विभाग के तीन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। इसके तहत भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज के कुछ प्रावधानों में शिथिलता दी जाएगी। संबंधित मामलों में प्राधिकरण, प्राधिकरण से ऊपर के स्तर और शासन स्तर पर स्वीकृति की व्यवस्था की जाएगी।
इसके साथ ही भू-उपयोग परिवर्तन यानी लैंड यूज बदलने की दरों को पहले की तुलना में एक चौथाई से भी कम करने का फैसला लिया गया है। इससे भू-उपयोग परिवर्तन कराने वाले लोगों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव को मंजूरी
प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन और रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के नियमित संचालन और रखरखाव की व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
सेतु आयोग और विधानसभा से जुड़े फैसले
कैबिनेट ने सेतु आयोग में आईटी से संबंधित पदों को भी स्वीकृति प्रदान की है। इसके अलावा उत्तराखंड की पंचम विधानसभा के सत्रावसान को मंजूरी दी गई है।
उत्तराखंड अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली के संबंध में निर्णय लेने के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति गठित की जाएगी। समिति की अनुशंसा के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा।
महाधिवक्ता कार्यालय की नियमावली में संशोधन
उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय नियमावली में संशोधन के प्रस्ताव को भी कैबिनेट ने मंजूरी दी है। इसके साथ ही उत्तराखंड महाधिवक्ता कार्यालय अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली में संशोधन का रास्ता साफ हो गया है।
कुल मिलाकर कई विभागों से जुड़े अहम फैसले
धामी कैबिनेट की इस बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सरकार के फैसलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, युवाओं को भर्ती में राहत देने, कर्मचारियों और श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण पेयजल व्यवस्था, शहरी परिवहन और आवासीय सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिखाई दिया।
अब इन फैसलों का वास्तविक लाभ प्रदेश के युवाओं, कर्मचारियों, ग्रामीणों और आम जनता तक किस तरह पहुंचता है, यह आने वाले समय में देखने वाली बात होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट: गढ़वाल-कुमाऊं टाइम्स








