देहरादून।
उत्तराखंड सरकार ने सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री आवास से वन-क्लिक प्रणाली के माध्यम से फरवरी 2026 की पेंशन किश्त जारी कर दी। इस दौरान राज्य के 9,57,651 लाभार्थियों के खातों में कुल ₹141 करोड़ 91 लाख 61 हजार की राशि सीधे डीबीटी के जरिए हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चलाई जा रही सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत वृद्धावस्था पेंशन के 5.93 लाख से अधिक लाभार्थियों को ₹1500 प्रतिमाह की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान पेंशन सहित अन्य योजनाओं के तहत भी करोड़ों रुपये की राशि लाभार्थियों तक पहुंचाई गई। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से वंचित न रहे। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के माध्यम से पेंशनार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाए। सीएम ने दोहराया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। सरकार समाज के कमजोर, बुजुर्ग, निराश्रित और जरूरतमंद वर्गों के जीवन को सुरक्षित और सम्मानजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।












