देहरादून:
उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के दूसरे कार्यकाल को 23 मार्च को चार साल पूरे होने जा रहे हैं। इस अवसर पर प्रदेशभर में जिला और तहसील स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, वहीं राजधानी देहरादून में राज्यस्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी सविन बंसल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सरकार के चार साल पूरे होने पर उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में उन योजनाओं को प्रमुखता से दिखाया जाएगा, जिनसे प्रदेश के आम नागरिकों को सीधा लाभ मिला है। साथ ही सरकार द्वारा रोजगार सृजन के क्षेत्र में किए गए कार्यों को भी प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा महिला सशक्तिकरण भी होगा। विभिन्न स्वयं सहायता समूहों और महिला समूहों द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को मंच प्रदान किया जाएगा और उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा। सरकार की नारी सशक्तिकरण योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं की सफलता की कहानियों को भी इस दौरान साझा किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना और लोगों को उनके अधिकारों एवं अवसरों के प्रति जागरूक करना है।













