Home / Uttarakhand / देहरादून में जनजातीय महोत्सव-2026 का रंगारंग आगाज़, सीएम धामी रहे शामिल

देहरादून में जनजातीय महोत्सव-2026 का रंगारंग आगाज़, सीएम धामी रहे शामिल

देहरादून। राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में बुधवार को उत्तराखंड राज्य जनजातीय महोत्सव-2026 का भव्य और रंगारंग आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जनजातीय समुदायों ने अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक कला का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों, लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अहम हिस्सा है और राज्य सरकार उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जनजातीय उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में विशेष ध्यान दे रही है। महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करना है, साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना भी है। कार्यक्रम में जनजातीय उत्पादों की प्रदर्शनी और स्टॉल भी लगाए गए, जिनमें स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक वस्तुएं आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *