देहरादून।
उत्तराखंड के निर्माण श्रमिकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी पहल सामने आई है। राज्य सरकार के भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (BOCW) और सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड (CSC SPV) के बीच देहरादून में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य राज्य के निर्माण श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाना है, जिससे अधिक से अधिक श्रमिक सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
यह MoU कार्यक्रम श्री पी.सी. दुमका (सचिव,UKBOCW) की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। आधिकारिक दस्तावेजों पर श्री विपिन कुमार (डिप्टी लेबर कमिश्नर) और श्री अशवनी कुमार (स्टेट हेड, CSC SPV) द्वारा हस्ताक्षर किए गए।
श्रमिकों को मिलेंगे ये बड़े फायदे
✔️ सरल और सुलभ पंजीकरण:
अब निर्माण श्रमिक अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर आसानी से पंजीकरण और नवीनीकरण कर सकेंगे।
✔️ योजनाओं तक सीधी पहुंच:
पंजीकरण प्रक्रिया आसान होने से पात्र श्रमिकों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सकेगा।
✔️ पारदर्शिता और डिजिटल सुविधा:
इस पहल से पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पारदर्शी बनेगी, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और श्रमिकों को सीधे लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान विभाग और CSC के कई अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें श्रीमती दुर्गा (सीनियर आईटी ऑफिसर, UKBOCW), श्री संदीप कुमार शर्मा (स्टेट मैनेजर, CSC SPV) और श्री भूपेंद्र कुमार (मैनेजर, UIDAI, CSC SPV) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
श्रमिकों के लिए बड़ा कदम
यह पहल राज्य के हजारों निर्माण श्रमिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे न केवल उनकी सरकारी योजनाओं तक पहुंच आसान होगी, बल्कि उनका सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण भी सुनिश्चित होगा।












