देहरादून में आयोजित अंडर-19 बॉयज़ टेबल टेनिस प्रतियोगिता में तमिलनाडु की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में तमिलनाडु के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की, जबकि महाराष्ट्र की टीम ने दमदार खेल के बावजूद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राज्य और देश के युवा खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा है, जिसे सही मंच और मार्गदर्शन मिलने पर वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। खिलाड़ियों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे बड़े खेल आयोजनों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी प्रतिभा को निखारें।

इस प्रतियोगिता में देशभर से आई टीमों ने भाग लिया, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहे। दर्शकों को भी शानदार खेल देखने का मौका मिला, जिसने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।









