Home / Uttarakhand / अल्मोड़ा में विकास योजनाओं की समीक्षा, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों की सराहना की

अल्मोड़ा में विकास योजनाओं की समीक्षा, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अधिकारियों की सराहना की

अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के ग्राम्य विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना मंत्री भरत सिंह चौधरी ने अल्मोड़ा के विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने जनपद में संचालित योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

विकास भवन पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा एवं अन्य अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर ग्राम्य विकास विभाग एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना की।


विकास भवन अल्मोड़ा में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी।

समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने जनपद में संचालित विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने ग्रामीण विकास, स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन, आधारभूत सुविधाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से मंत्री को अवगत कराया।

बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मंत्री ने जनपद में बैम्बू ग्रास (बांस आधारित परियोजना) को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बांस आधारित परियोजना खेतों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। साथ ही बांस आधारित उद्योगों से स्थानीय युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

पर्यटन और स्वरोजगार के विषय में उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में होमस्टे योजना लोगों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि होमस्टे योजना से जुड़े लाभार्थियों को होटल एवं हॉस्पिटेलिटी प्रबंधन का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिया जाए, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए जाएंगे।

बैठक में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, मेयर अजय वर्मा, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


अल्मोड़ा विकास भवन सभागार में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी।

अल्मोड़ा में विकास योजनाओं की समीक्षा करते कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के दिए निर्देश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *