देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने अंतिम मतदाता सूची से संबंधित जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य में अब कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज हैं।
अंतिम सूची के अनुसार प्रदेश में 37,37,701 पुरुष मतदाता, 34,21,036 महिला मतदाता और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन विभाग के मुताबिक SIR अभियान की शुरुआत 8 जून 2026 को की गई थी, जिसके बाद 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी।
ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद मतदाताओं से दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं। निर्वाचन विभाग की ओर से इन दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण करने के बाद अब अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है।
1.29 लाख से अधिक नए मतदाता जुड़े
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान बड़ी संख्या में नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए। विभाग के अनुसार पुनरीक्षण प्रक्रिया में 1,29,872 नए मतदाताओं को जोड़ा गया, जबकि नियमों के तहत 1,04,708 नाम मतदाता सूची से हटाए गए। नाम हटाने की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों और सत्यापन प्रक्रिया का पालन किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ऐसे लोग जिनकी उम्र मतदान के योग्य है, लेकिन किसी कारणवश उनका नाम अभी भी मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए Form-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECI Net App अथवा अपने क्षेत्र के BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) से संपर्क किया जा सकता है।
छूटे मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान
निर्वाचन विभाग की ओर से मतदाता सूची में छूटे लोगों को शामिल करने के लिए आगे भी अभियान चलाया जाएगा। BLO स्तर पर घर-घर जाकर ऐसे लोगों को चिन्हित किया जाएगा, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है।
इसके अलावा नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनियों और बेघर लोगों के बीच विशेष कैंप लगाए जाने की भी व्यवस्था की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
मतदाता अपनी जानकारी और अंतिम मतदाता सूची को निर्वाचन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट ceo.uk.gov.in तथा भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voter.eci.gov.in पर देख सकते हैं।








