देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित करती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अब तक लगभग 30 लाख श्रद्धालु चारधामों के दर्शन कर चुके हैं, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि यात्रा से जुड़े होटल व्यवसायी, टैक्सी संचालक, टूर गाइड और स्थानीय व्यापारियों में उत्साह का माहौल है तथा यात्रा राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि रात 10 बजे के बाद यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जहां भी यात्री उस समय तक पहुंचेंगे, उन्हें वहीं सुरक्षित स्थानों पर रुकवाने और विश्राम की व्यवस्था की जाएगी।
सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान में पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मौसम के अचानक खराब होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या परेशानी से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि मंदिर समितियों, प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो।








