देहरादून
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हेली सेवाओं के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर (ICCCC) लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
देहरादून स्थित सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट में स्थापित यह अत्याधुनिक नियंत्रण केंद्र खराब मौसम की परिस्थितियों में भी हेली सेवाओं की हर गतिविधि पर सतत निगरानी बनाए हुए है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यहां से हेलीकॉप्टर संचालन, रूट और उड़ानों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। आईसीसीसीसी में तैनात नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA), भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और यूकाडा की छह सदस्यीय टीम एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के साथ समन्वय स्थापित कर हेली संचालन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में जुटी हुई है। कंट्रोल सेंटर के माध्यम से हेली रूट, ट्रैकिंग डिवाइस और प्रत्येक हेली ट्रिप एवं शटल सेवा की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है। मौसम में अचानक बदलाव होने की स्थिति में तुरंत अलर्ट जारी कर उड़ानों को नियंत्रित किया जाता है, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित हो सके। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए यूकाडा द्वारा तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद हेली सेवा उपलब्ध कराई जा सके







