देहरादून। लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व छठ देशभर में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी क्रम में राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर में भी छठ महापर्व के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अस्ताचलगामी अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और स्वस्थ जीवन की कामना की। पूजा के दौरान पूरा मंदिर परिसर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय माहौल से गुंजायमान रहा। महिलाओं और पुरुषों ने पूरी श्रद्धा के साथ पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बिहार महासभा की ओर से आयोजन को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। आयोजन में बिहार मूल के लोगों के साथ ही स्थानीय श्रद्धालुओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
बांसुरी स्वराज और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी की पूजा-अर्चना
छठ महापर्व के इस विशेष आयोजन में भाजपा की राष्ट्रीय सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रीय सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में भगवान महादेव के सान्निध्य और आशीर्वाद के बीच छठी मैया की पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने भगवान भास्कर से सभी के जीवन में सुख, शांति, सौहार्द और आरोग्य बनाए रखने की कामना की। साथ ही उन्होंने छठ महापर्व को आस्था, समर्पण और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक बताते हुए सभी श्रद्धालुओं को पर्व की बधाई दी।
गणेश जोशी ने देशवासियों को दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
वहीं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी छठ महापर्व के अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्य से प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के लिए भी आशीर्वाद मांगा।
आस्था और परंपरा का दिखा अद्भुत संगम
टपकेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम में छठ व्रतियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
बिहार महासभा के पदाधिकारियों ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। महासभा के प्रतिनिधियों सतेंद्र सिंह और सुरेन्द्र अग्रवाल ने पर्व के महत्व और आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी बात रखी।
छठ महापर्व का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता की खूबसूरत तस्वीर भी पेश करता नजर आया।








