देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे के बाद प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गर्मा गई है। जहां एक ओर प्रधानमंत्री ने करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की सौगात दी, वहीं विपक्ष ने इस दौरे को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता को इस दौरे से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उन्हें कोई नई बड़ी घोषणा नहीं मिली। कांग्रेस का आरोप है कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश के विकास को लेकर नई योजनाओं की घोषणा करने के बजाय अधिक समय विपक्ष पर निशाना साधने में बिताया। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रतिमा सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की जनता लंबे समय से विकास से जुड़ी नई घोषणाओं का इंतजार कर रही थी, लेकिन प्रधानमंत्री के इस दौरे से उन्हें निराशा हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि केवल पहले से चल रही परियोजनाओं का उल्लेख करने से प्रदेश की समस्याओं का समाधान नहीं होगा।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून पहुंचे थे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर समेत कई परियोजनाओं का जिक्र किया। इस दौरे के बाद अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है









