Home / Uttarakhand / देहरादून में राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई, 25 से अधिक मामले पहुंचे; अध्यक्ष विजया रहाटकर ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

देहरादून में राष्ट्रीय महिला आयोग की जनसुनवाई, 25 से अधिक मामले पहुंचे; अध्यक्ष विजया रहाटकर ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

देहरादून। महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई, उनके अधिकारों की रक्षा और महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों के प्रभावी निस्तारण को लेकर देहरादून में राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में ‘राष्ट्रीय महिला आयोग, आपके द्वार’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने की।

जनसुनवाई के दौरान 25 से अधिक मामले सामने आए, जिनमें अधिकांश शिकायतें घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न से संबंधित थीं। आयोग की अध्यक्ष ने पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों को मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़िताओं को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।

महिलाओं के प्रति हिंसा और उत्पीड़न स्वीकार्य नहीं : विजया रहाटकर

जनसुनवाई के दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं के प्रति किसी भी प्रकार की हिंसा और उत्पीड़न स्वीकार्य नहीं है। समाज की प्रत्येक महिला को सम्मान और समानता के साथ जीवन जीने का अधिकार है। आज महिलाएं परिवार, समाज, प्रशासन, शिक्षा और विज्ञान समेत हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाना बेहद जरूरी है। महिलाओं के साथ भेदभाव करना, उन्हें नीचा दिखाना अथवा उनके अधिकारों से वंचित रखना गलत है। महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए।

महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न सहायता सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। अध्यक्ष ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा संकट की स्थिति में चुप न रहें और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं।

महिलाओं की सहायता के लिए प्रमुख हेल्पलाइन नंबर इस प्रकार हैं:

  • 112 – आपातकालीन पुलिस सहायता
  • 181 – महिला हेल्पलाइन
  • 14490 – राष्ट्रीय महिला आयोग काउंसलिंग हेल्पलाइन
  • 1091 – महिला सुरक्षा हेल्पलाइन
  • 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
  • 1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
  • 7827170170 – राष्ट्रीय महिला आयोग की 24 घंटे संचालित हेल्पलाइन

इसके अलावा महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर ऐप, 112 ऐप और रक्षा ऐप के माध्यम से मिलने वाली सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, पुलिस महानिरीक्षक निलेश भरणे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून परमेंद्र डोभाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी सहित बाल कल्याण समिति और वन स्टॉप सेंटर की अधीक्षिकाएं एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं सीधे राष्ट्रीय महिला आयोग के समक्ष रखने का अवसर मिला। अब इन शिकायतों पर संबंधित विभागों की कार्रवाई और उनके प्रभावी निस्तारण पर नजर रहेगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *