देहरादून। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने मृतक के छोटे भाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश के चलते अपने ही बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात हमलावर द्वारा हत्या किए जाने की झूठी कहानी गढ़ी थी। शुरुआती जांच में आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस को भटकाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की गहन पड़ताल और साक्ष्यों के आधार पर उससे पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपने बड़े भाई की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 32 बोर की देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि वैज्ञानिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बेहद कम समय में मामले का सफल खुलासा किया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस खुलासे के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।








