पुष्कर सिंह धामी सरकार ने प्रदेश की बेटियों के सशक्तिकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नंदा गौरा योजना के अंतर्गत 33,251 बालिकाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 145 करोड़ 93 लाख रुपये की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।
कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार ने बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सुरक्षित भविष्य तक निरंतर सहयोग देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। सरकार का मानना है कि नंदा गौरा योजना बालिकाओं को सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की एक प्रभावी पहल है। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नंदा गौरा योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदेश में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और लैंगिक समानता को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभा रही है। राज्य सरकार द्वारा संचालित नंदा गौरा योजना के माध्यम से हजारों परिवारों को राहत मिली है और बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को भी बल मिला है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बालिका आर्थिक अभाव के कारण अपनी शिक्षा या सपनों से वंचित न रहे।












