Home / Uttarakhand / नैनीताल में सीएम धामी का सख्त एक्शन प्लान—वन्यजीव संघर्ष से लेकर पर्यटन व्यवस्था तक अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

नैनीताल में सीएम धामी का सख्त एक्शन प्लान—वन्यजीव संघर्ष से लेकर पर्यटन व्यवस्था तक अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित सर्किट हाउस में जनपद नैनीताल के प्रशासनिक, पुलिस, वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष, पर्यटन सीजन की तैयारियों, कानून-व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और जमरानी बांध परियोजना की प्रगति को लेकर सख्त निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि इसके स्थायी समाधान के लिए ठोस रणनीति बनाई जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर फेंसिंग और अलर्ट सिस्टम लगाने, वन विभाग व पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम को 24×7 सक्रिय रखने और विभागीय स्तर पर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को जागरूक करने और जंगलों पर निर्भरता कम करने की दिशा में काम करने को कहा। पर्यटन सीजन को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़कों को गड्ढा-मुक्त रखने, ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने, शटल सेवाएं शुरू करने और वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नैनीताल, रामनगर, हल्द्वानी और कालाढूंगी जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी और ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने 24 घंटे निगरानी और नियमित चेकिंग अभियान चलाने पर जोर दिया, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से तराई और भावर क्षेत्रों में पेयजल समस्या का समाधान होगा, भूजल स्तर में सुधार आएगा और बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। बैठक में बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की प्रक्रिया को भी तेज करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के लिए कहा।
इसके अलावा, ग्रीष्मकाल और मानसून को देखते हुए विद्युत और पेयजल व्यवस्था को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। सिंचाई विभाग और अन्य एजेंसियों को भी सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए कहा गया।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों से क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी भी ली गई और उनके त्वरित समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *