देहरादून, 6 अगस्त। राजधानी देहरादून स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में गुरुवार को दिल्ली प्रेस की कृषि पत्रिका फार्म एन फूड द्वारा आयोजित फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवार्ड्स–2026 (उत्तराखंड) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया और कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा विभिन्न संस्थाओं को राज्य स्तरीय कृषि सम्मान से सम्मानित किया।
समारोह का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, जलवायु अनुकूल खेती, बागवानी तथा किसानों की आय बढ़ाने के सफल प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और आधुनिक कृषि पद्धतियों पर विशेषज्ञों से संवाद किया।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और ग्रामीण विकास को एक-दूसरे का पूरक मानते हुए योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने तथा स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में सेब उत्पादन में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे किसानों की आमदनी भी बढ़ रही है। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने, कृषि में मूल्य संवर्धन करने और कृषि आधारित उद्यमों की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि फार्म एन फूड भविष्य में भी किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, नीति-निर्माताओं और कृषि उद्योग के बीच सहयोग को मजबूत बनाने तथा कृषि क्षेत्र की प्रेरक कहानियों को देशभर तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा।
इस राज्य स्तरीय समारोह में उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से 200 से अधिक किसानों ने भाग लिया, जबकि करीब 25 प्रगतिशील किसानों, कृषि विशेषज्ञों और संस्थाओं को कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने आधुनिक कृषि, नवाचार और किसानों के सम्मान को नई पहचान देने का संदेश दिया।







